Tuesday, September 30, 2025

नाटक - प्रेम की वेदी

 “प्रेम, पीड़ा और जिम्मेदारियों का मंचन- रंग साधक की प्रेम की वेदी” 

नाट्य समीक्षा : प्रेम की वेदी

भारतीय साहित्य और रंगमंच की दुनिया में मुंशी प्रेमचंद का नाम वह शिखर है, जो न केवल अपनी कहानियों और उपन्यासों के लिए बल्कि अपने मानवीय दृष्टिकोण के लिए भी याद किया जाता है। उनकी रचनाएँ जीवन के यथार्थ को अत्यंत सहजता और गहराई से प्रस्तुत करती हैं। हाल ही में जयपुरिया स्कूल के सेठ आनंदराम सभागार में प्रेम की वेदी नाटक का सफल मंचन किया गया, जिसे रंग साधक टीम ने प्रस्तुत किया। इस नाटक के माध्यम से प्रेमचंद की संवेदनाओं, समाज दृष्टि और पारिवारिक रिश्तों की जटिलता को दर्शकों तक पहुँचाने का प्रयास किया गया।


(कथानक और पृष्ठभूमि)

प्रेम की वेदी प्रेमचंद के लेखन की उस धारा से जुड़ा नाटक है, जहाँ मानवीय रिश्तों में मौजूद ऊष्मा, विडंबनाएँ और संघर्ष स्पष्ट झलकते हैं। कहानी का केंद्रबिंदु प्रेम और पारिवारिक मूल्यों के बीच का द्वंद्व है। यहाँ प्रेम केवल आकर्षण या भावना नहीं है, बल्कि एक ऐसी शक्ति के रूप में प्रस्तुत होता है जो सामाजिक दबावों, जिम्मेदारियों और नैतिकताओं से टकराता है। प्रेम प्रतिपल की एकरूप शांति में, जीवन की अपनी सबसे कोमल कृति चित्रित करता है। प्रेम की बोधगम्यता को साधता रंग साधक द्वारा प्रस्तुत नाटक प्रेम की वेदी।


(मंचन की विशेषताएँ)

रंग साधक टीम ने इस नाटक को अत्यंत सजीव रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया। मंच-सज्जा में शुभम बारी ने अपने अनुभव की छाप छोड़ी। चूंकि वे मध्यप्रदेश ड्रामा स्कूल एवं हैदराबाद विश्वविद्यालय से नाट्य एवं निर्देशन का प्रशिक्षण ले चुके हैं इसलिए सेट की डिजाइन तथा कला निर्देशक के रूप में उनका काम प्रभावित करता है। 360° पर्सपेक्टिव होने के कारण संवादों और पात्रों की गहराई को अधिक उभारने के लिए मंच पर अनावश्यक तामझाम से परहेज़ किया गया। यही कारण था कि दर्शक सीधे पात्रों की भावनाओं और घटनाओं से जुड़ सके। प्रकाश व्यवस्था में भी शुभम बारी एवं देवेंद्र वर्मा ने वातावरण को जीवंत बनाने में बड़ी भूमिका निभाई। खासकर जेनी, योगराज और मिसेज गार्डन के भावनात्मक दृश्यों में प्रकाश परिकल्पना एवं संचालन अत्यंत प्रभावशाली लगा।


(अभिनय और पात्र)

आकार कुशवाहा (योगराज) - योगराज एक ऐसा किरदार है, जिसपर सुंदरता चुपचाप टिकी रहती है, मानो कोई रहस्य जिसे केवल हृदय ही सुन सकता है। जेनी जैसी लड़की जिसे शादी तथा प्रेम से नफरत है वह योगराज को देखते ही उससे प्रभावित हुए बिना नहीं रह पाती। ऐसे किरदार को जीना तथा मंच में प्रस्तुत करना दुष्कर कार्य था। परंतु आकार ने इस किरदार में अपनी आत्मा की एकरूपता का सम्मिश्रण कर इसे बख़ूबी जिया। मंचन के बाद मैंने स्वयं उनके अभिनय से प्रभावित होकर उन्हें गले से लगाया तथा बधाई दी। वे रंगमंच में काफी समय से जुड़े हुए हैं। अपने अनुभवों का प्रयोग करते हुए उन्होंने ना की नाटक को साधे रखा वरन भावुक दृश्यों में अपनी स्किल से झंकृत किया। उम्मीद है वे ऐसी अच्छी परफॉर्मेंस आगे भी करते रहेंगे।


रिया सेनानी (जेनी) - जेनी का किरदार इस नाटक की आत्मा कहा जा सकता है। यह किरदार एक कविता की तरह बहता है।जो खुशनुमा पलों में नहीं, बल्कि अशांत जीवन में समाहित है।जो दर्शकों को तत्परता से संभाले जकड़े रखता है। वैचारिक बोधगम्यता का प्रभाव इस किरदार को तार्किक बनाता है। परंतु योगराज के सानिध्य में यह प्रेमी मनुष्य होने का प्रमाण देता है। 

रिया सेनानी ने अपने सहज और भावपूर्ण अभिनय से इस पात्र को मंच पर जीवंत कर दिया। उन्होंने प्रेम, पीड़ा और आंतरिक संघर्ष को इतने गहरे तरीके से प्रस्तुत किया कि दर्शक भाव-विभोर हो उठे। उनकी आवाज़ के उतार-चढ़ाव और चेहरे की अभिव्यक्तियाँ चरित्र को यथार्थ के बहुत करीब ले आईं। सबसे अच्छी बात कि अपने इमोशंस को किरदार के मीटर के अनुरूप ही खेला, ना अधिक ना ज्यादा। जहां जितना उचित था वहां उतना ही रहा। यह उनकी अभिनय विशेषताओं में से एक है। भविष्य में उनसे कई सारे अच्छे परफॉर्मेंस की उम्मीद की जा सकती है। 

जेनी और मिसेज गार्डन 

अनामिका सिंह (मिसेज गार्डन) – जेनी की मां के रूप में अनामिका सिंह जो कि इस नाटक की सह निर्देशिका भी थीं। उन्हें अभिनय करते देख मैं उनसे प्रभावित हुए बिना नहीं रह सका। वे आकार वेलफेयर सोसाइटी की सचिव के प्रभार को बख़ूबी संभाल रही हैं। साथ ही अभिनय के क्षेत्र में ज़बरदस्त दख़ल उन्हें बहुआयामी प्रतिभा का धनवान बनाता है। वे बेहद सशक्त एवं मजबूत स्त्री हैं। नाटक के प्रदर्शन के ताम झाम से लेकर अपने किरदार को निभाने तक के क्रम में उन्होंने बहुत तगड़ी मेहनत की उन्होंने एक ऐसी मां की भूमिका निभाई जो सामाजिक मान्यताओं और पारिवारिक परंपराओं की रक्षा करना चाहती है। परंतु अंत में स्वयं नई परम्परा की खोज की साक्षी बन जाती हैं। उनके संवादों की दृढ़ता और भावनात्मक गहराई ने पूरे नाटक को मजबूती दी। 


वैभव (विलियम) – विलियम का किरदार एक गैर-जिम्मेदार युवा के रूप में सामने आया। वैभव ने इस किरदार में ढिलमुल रवैये, असमंजस और लापरवाही की झलक को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। उनके अभिनय ने दर्शकों को यह सोचने पर मजबूर किया कि समाज में कितने ही ऐसे विलियम आज भी मौजूद हैं। साथ ही इस नाटक में हास्य का पुट भी विलियम की एनर्जेटिक एंट्री के बाद शुरू होता है जो कि दर्शकों को बेहद आनंद प्रदान करता है। वैभव की यह दूसरी नाट्य प्रस्तुति रही, उन्हें भविष्यगत ढेर सारी शुभकामनाएं।

पारुल (उमा) – उमा का किरदार अपेक्षाकृत छोटा होते हुए भी नाटक में महत्वपूर्ण था। पारुल ने अपने अभिनय से इस भूमिका को सार्थक बनाया। उनका दख़ल रंगमंच में अभी नया है। इसके बावजूद उनकी सहजता और मंच पर उपस्थिति आश्चर्यजनक रूप से बेहतरीन रही। योगराज की सहचरी एवं जेनी की सखी होने की भूमिका में उन्होंने प्रभावित किया। उनसे भविष्य में और अच्छे अभिनय की उम्मीद रखी जा सकती है। 

सागर (डॉक्टर) - डॉक्टर का किरदार इस नाटक में सबसे छोटा था। इस नाटक की तीन दिनों में कुल छह प्रस्तुतियां हुई। जिसमें सागर अभिनय के अलावा इस नाटक में संगीत ऑपरेट कर रहे थे। उन्होंने दोनों काम बख़ूबी किए। 

(निर्देशन )

नाटक का निर्देशन अनुराग श्रीवास्तव ने किया। निर्देशन की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि इसमें पात्रों की आंतरिक भावनाओं को केंद्र में रखा गया। मंचन का प्रत्येक दृश्य दर्शकों को पात्रों की मनःस्थिति में गहराई से झाँकने का अवसर देता है। संवादों की गति, मंचीय गति-विधियाँ और दृश्य परिवर्तन बेहद संतुलित लगे। चूंकि अनुराग श्रीवास्तव स्वयं बेहतरीन अभिनेता हैं उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि दर्शक नाटक के दौरान कहीं भी उबाऊपन का अनुभव न करें। प्रत्येक दृश्य के बीच सामंजस्य बनाए रखना और चरित्रों को उनके सम्पूर्ण आयामों में प्रस्तुत करना उनके निर्देशन की सफलता कही जाएगी। इस उपक्रम में अमित शुक्ल एवं शुभम बारी का उन्हें अच्छा साथ प्राप्त हुआ। 

हालांकि लंबे फेडआउट नाटक की गति को धीमा बनाते है। इस पर कार्य किया जा सकता था। उम्मीद है कि आगे इस बावत अवश्य ध्यान दिया जाएगा। नाटक प्रेम की वेदी केवल प्रेमचंद के साहित्य का मंचन भर नहीं था, बल्कि यह दर्शकों के लिए एक भावनात्मक और बौद्धिक अनुभव भी रहा। प्रेम, जिम्मेदारी, सामाजिक मान्यताओं और व्यक्तिगत स्वतंत्रता के बीच चलने वाले द्वंद्व को नाटक ने गहराई से छुआ।


दर्शकों ने पात्रों के साथ स्वयं को जोड़ते हुए उनकी पीड़ा और संघर्ष को महसूस किया। विशेषकर जेनी, योगराज और मिसेज गार्डन के संवादों ने सभागार में गहरी चुप्पी पैदा कर दी, जो इस बात का प्रमाण है कि कलाकारों ने दर्शकों के हृदय तक अपनी बात पहुँचाई। प्रेम की वेदी का यह मंचन रंग साधक टीम के लिए एक उल्लेखनीय उपलब्धि रहा। यह इस नाट्य समूह की पहली प्रस्तुति थी, इसमें अभिनय, निर्देशन और मंचन की त्रयी ने मिलकर इसे यादगार बना दिया। यह नाटक न केवल प्रेमचंद के नाट्य लेखक के योगदान को रंगमंच पर जीवित करता है, बल्कि यह भी बताता है कि आज के समाज में भी उनकी रचनाएँ उतनी ही प्रासंगिक हैं। प्रेम की वेदी पर रचे गए संघर्ष और भावनाओं के दृश्य लंबे समय तक दर्शकों की स्मृतियों में जीवित रहेंगे।


टीम रंग साधक को भविष्यगत ढेर सारी शुभकामनाएं 


•अग्निमय

10 comments:

  1. आपकी लेखनी 🤍

    ReplyDelete
  2. अदभुत प्रस्तुति दी गयी थी, जेनी और योगराज का अभिनय इस नाट्य को दिलों में दस्तक दे जाता है। मुंशी प्रेमचंद के लेखन की यही विशेषता है कि वह समाज कि मनोदशा को दर्शाता देता है।। अनुराग जी के निर्देशन को साधुवाद, ।। बैठक व्यवस्था ने ऐसा आभास करा दिया जैसे दर्शक भी उस नाट्य का तत्कालिक अंग बनकर उसी भावो में मूक हो अपनी आत्म अनुभूतियों में समा सा गया था ।।
    जय माई की ।।

    ReplyDelete
    Replies
    1. सादर आभार सर, प्रणाम 🙏

      Delete
  3. Maine ye miss kar diya par iske baarr me padh kar samjh aaya hai ki bhot acha kaam hua hai. I wish ye Dobara ho. Puri team ko congratulations 🎉👏🏻

    ReplyDelete
  4. ❤️❤️❤️
    Great 😃🙏

    ReplyDelete
  5. shandar vishleshan mayank bhai✨👌🎉

    ReplyDelete
  6. Loved reading this. Great explanation. Wk
    Wishing the whole team congratulations and looking forward to experience more such plays in Satna.

    ReplyDelete

मीडिया आज और कल

कुछ दिनों पहले बड़े भैया से कॉल पर बात हो रही थी। उन्होंने बताया इन दिनों वे न्यूज डिबेट के रंगारंग कार्यक्रम का आनंद उठा रहे हैं। कहीं कोई ...