चुप से मर जाना !!
मृत्यु ग़र असामयिक हो तो खराब है, ऐसी मृत्यु बेहद मायूस कर देती है। कई बार तो परमात्मा पर से विश्वास तक ख़त्म कर देती है। साथ ही कई आत्माओं को भी दुःखी कर जाती है। तिस पर भी कुछ बुद्धिजीवी वर्ग का यह प्रयास है कि मृत्यु को आम जन मानस के बीच सामान्य गतिविधि के रूप में स्थापित कर दिया जाए...
मेरे विचार में यह सोच, उन्ही की हो सकती है जिनके मस्तिष्क में गधे की लीद भरी हो।
पर यह भी सच ही है कि अंतिम स्टेज कैंसर से जूझने वाले रोगी के लिए मौत एक वरदान बनकर आती है। समस्त दुःख, दर्द से आज़ादी, यानि मृत्यु से मोक्ष की प्राप्ति।
बेहया असंगत होती है "मृत्यु"। कभी भी, कहीं भी हो सकती है। पर कभी - कभी मरने वाला स्वयं ही मौत को असंगत बना देता है। मंच पर साथी कलाकार अदाकारी का जौहर दिखा रहे होते हैं, तो मंच परे...पर्दे के पीछे, कोई बिना किसी शोर शराबे के, बिना किसी का ध्यान भंग किये... मर रहा होता है।
मंच के सामने लोग खुश होते हैं। धार्मिक किताबों में भी ख़ुशी को पुण्य के समान माना गया है। शायद यही ख़्याल चुप से मरने वाले के मन में होता है, वो किसी को दुःखी नही करना चाहता क्योंकि उसी किताब में दुःख को पाप माना गया है। इसीलिए वो मर जाता है, पर्दे के पीछे...... चुपचाप से !!
यही चैडविक बोसमैन उर्फ़ टी' चाला उर्फ़ ब्लैक पैंथर ने भी किया। उनके परिवार ने भी उनकी असाध्य बीमारी ( कैंसर ) की गोपनीयता बनाये रखी। मृत्यु निश्चित थी पर किसी को कानों कान ख़बर ना हो सकी। चैडविक बोसमैन एक अभिनेता के तौर पर ऐसे अश्वेत सुपरहीरो हैं। जिन पर उन लोगों को गर्व है जो "Black Lives Matter" वाली तख्तियाँ हाथों में लिए विरोध प्रदर्शन करते हैं। वो कई वर्षों के शोषित तथा पीड़ित लोग है। उनकी तरह का एक अभिनेता जो सुपरहीरो बनकर एक ऐसी फ़िल्म में काम कर गया जिसने फिल्म जगत के साथ - साथ, सुपरहीरो फिल्म्स देखने का नजरिया बदल डाला। एक ऐसा इतिहास रच डाला जिसकी मिसालें अकेडमी अवार्ड शो तक में दी गई।
अफ़सोस यह सफ़र बहुत जल्दी ख़त्म हो गया। वाकांडा का राजा आज ताबूत में कैद हो गया है। पर ताबूत में जाने से पूर्व उसने जो मजबूत आधार बनाया है, उस पर सफल ऊँची - ऊँची इमारतों का निर्माण होगा और सुनहरे अक्षरों पर उसका नाम लिखा जाएगा...
"चैडविक बोसमैन"
काश कैप्टन अमेरिका बूढ़ा ना होता तो वाइब्रेनियम कैंसर से बचा लेता ... पर खैर ... !!
रेस्ट इन पीस 💐❣️
#RestinPowerChaidwickBoseman
#WakandaForever
यात्रा मंगलमय हो !!
#मयंक ✍️

🙏🙏
ReplyDelete